पंजाब में बढ़ते अपराध और हिंसा के मामलों के बीच अब राज्य पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का मानना है कि सोशल मीडिया पर गन कल्चर को बढ़ावा देने से युवाओं में गलत संदेश जाता है और अपराध को हवा मिलती है। इसी कड़ी में बीते दो दिनों के भीतर पंजाब पुलिस ने ऐसे दो अलग-अलग मामलों में केस दर्ज किए हैं, जिनमें एक महिला की गिरफ्तारी भी हुई है।
अमृतसर में पंजाबी गायक पर केस दर्ज
अमृतसर जिले के अजनाला इलाके में पुलिस ने पंजाबी गायक रमनदीप सिंह उर्फ रम्मी रंधावा के खिलाफ हथियारों को बढ़ावा देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, रम्मी रंधावा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें साझा की थीं। इन पोस्ट्स का संज्ञान लेते हुए अजनाला पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जिन हथियारों के साथ तस्वीरें डाली गईं, उनके लिए वैध लाइसेंस मौजूद था या नहीं।
बठिंडा में महिला गिरफ्तार
दूसरा मामला बठिंडा से सामने आया है, जहां पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान वीरपाल कौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वीरपाल कौर ने इंस्टाग्राम पर पंजाबी गानों की पृष्ठभूमि में हथियारों के साथ कई वीडियो और तस्वीरें पोस्ट की थीं। कुछ वीडियो में वह पिस्टल लोड करते हुए दिखाई दे रही थी, जबकि अन्य वीडियो में हथियारों के साथ पोज देती नजर आ रही थी। इन पोस्ट्स को गन कल्चर को बढ़ावा देने वाला मानते हुए पुलिस ने कार्रवाई की।
क्यों चिंता का विषय बन रहा है गन कल्चर
पंजाब में बढ़ते अपराधों के पीछे जहां सक्रिय गैंगस्टरों और सीमा पार से चल रही साजिशों को जिम्मेदार माना जाता है, वहीं गन कल्चर को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हथियारों का महिमामंडन युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाता है और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पंजाब पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने या हिंसा को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे कंटेंट से दूर रहें और कानून का पालन करें, ताकि राज्य में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
