आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि जिस तरह पंजाब में ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान चलाया जा रहा है, उसी तर्ज पर अब राज्य में जल्द ही ‘युद्ध गैंगस्टर विरुद्ध’ अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पंजाब के सभी गैंगस्टरों और उनके पूरे नेटवर्क को पाताल से भी ढूंढकर खत्म किया जाएगा। उनका कहना था कि राज्य में अपराध और डर के माहौल को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गांव-गांव में जीत, काम की राजनीति का भरोसा
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के गांव-गांव में आम आदमी पार्टी की जीत इस बात का सबूत है कि जनता ने काम की राजनीति को चुना है। उन्होंने कहा कि लोग अब झूठे वादों और पुरानी राजनीति से ऊपर उठ चुके हैं। आम आदमी पार्टी पंजाब में जनभागीदारी, ईमानदारी और विकास के मॉडल को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
नशे के खिलाफ जंग की पृष्ठभूमि
नशों के खिलाफ चल रही मुहिम पर बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह लड़ाई सरकार की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और साहस का नतीजा है। उन्होंने सवाल उठाया कि लोग पूछते हैं नशा विरोधी अभियान कहां से आया, लेकिन असली सवाल यह है कि नशे फैले कैसे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौर में नशा फैला और उनके करीबी लोग इसमें शामिल थे। एक बड़े नेता का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि वह आज जेल में है, जिसे पहले छूने की भी किसी में हिम्मत नहीं थी।
नशा तस्करों पर सख्ती
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ बिना डर के कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि अब तक 28 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 400 से अधिक बड़े नशा तस्कर जेल में हैं। सरकार ने ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान का दूसरा चरण भी शुरू कर दिया है।
लोगों से सीधा संवाद
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को साफ-साफ बताएं कि अगर पुरानी पार्टियों को दोबारा सत्ता में मौका मिला तो नशे फिर लौट आएंगे और इस बार पंजाब को पूरी तरह तबाह कर देंगे। उन्होंने कहा कि गलती से भी ऐसी पार्टियों को वोट न दिया जाए।
आर्थिक सुधार और सुविधाओं की बात
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब को नशे के संकट से बाहर निकालना आसान नहीं था। बहुत मेहनत और साहस से राज्य को इस स्थिति से निकाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति को संभाला है, बजट का बेहतर प्रबंधन किया है और लोगों को सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुरानी सरकारें लौटीं तो भारी बिजली बिल जैसी समस्याएं फिर सामने आएंगी।
साफ संदेश
अपने बयान के अंत में केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का मकसद साफ है—पंजाब को नशा मुक्त, अपराध मुक्त और तरक्की की राह पर आगे ले जाना।
