पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने पंजाब सरकार के मिशन रोज़गार के तहत पंजाब पुलिस में नई भर्ती हुए युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर माहौल उत्साह से भरा हुआ था। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन का एक नया और जिम्मेदारी भरा अध्याय है।
ड्रग्स से दूर रहकर चुनी वर्दी की राह
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह गर्व की बात है कि युवा नशे से दूर रहकर मेहनत और ईमानदारी के रास्ते पर चलते हुए पुलिस सेवा में आए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने में इन युवाओं की भूमिका बेहद अहम होगी। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार की ड्रग्स के खिलाफ जंग में पंजाब पुलिस सबसे आगे खड़ी है।
1746 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि आज कुल 1746 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में पंजाब पुलिस में 10,264 लड़के-लड़कियों की भर्ती की जा चुकी है। इसके साथ ही राज्य के अलग-अलग विभागों में अब तक बिना किसी सिफारिश के 63 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि यह पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सरकार की ईमानदार नीति का प्रमाण है।
रोड सेफ्टी फोर्स से बदली तस्वीर
रोड सेफ्टी फोर्स पर बात करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इसके गठन के बाद पंजाब में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में करीब 48 प्रतिशत की कमी आई है। रोड सेफ्टी फोर्स के जवान महज 6 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच जाते हैं, जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकी हैं। उन्होंने बताया कि सड़क हादसों में जान गंवाने वालों के परिवारों को पंजाब पुलिस की ओर से 16 से 17 करोड़ रुपये की नकद सहायता और बड़ी मात्रा में सोना-चांदी के गहने भी दिए गए हैं।
हाई-टेक सुरक्षा की ओर पंजाब
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य को सुरक्षित बनाने के लिए पूरे पंजाब में हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके तहत शहरों और गांवों में बड़ी संख्या में CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि अपराध पर कड़ी नजर रखी जा सके।
युवाओं से बड़ी उम्मीदें
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नई भर्ती हुए युवा पंजाब की सुरक्षा की मजबूत दीवार बनेंगे। सरकार को इनसे बड़ी उम्मीदें हैं और विश्वास है कि ये पूरी ईमानदारी और समर्पण से अपनी ड्यूटी निभाएंगे।
