कबड्डी प्रमोटर राणा बलचौरिया की गोली मारकर हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल से दो फरार शूटरों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरमनदीप सिंह हंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
रिमांड पर लेकर होगी गहन पूछताछ
SSP हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि दो मुख्य शूटर और एक अन्य व्यक्ति फरार थे। अब दो शूटरों को पकड़ लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।
आरोपियों की पहचान और नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पाठक और तरनदीप सिंह के रूप में हुई है। इनके अलावा सुखशेरपाल सिंह उर्फ आकाश का नाम भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि यह सभी आरोपी आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और मामले की कड़ियां गैंगवार से भी जुड़ती दिख रही हैं।
दो महीने से रची जा रही थी हत्या की साजिश
SSP हंस ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पिछले करीब दो महीनों से राणा बलचौरिया को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने पहले भी एक-दो कबड्डी टूर्नामेंटों के दौरान हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन किसी कारणवश उस समय अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए।
टूर्नामेंट के दौरान सरेआम हत्या
गौरतलब है कि 15 दिसंबर 2025 की शाम मोहाली के सोहाना इलाके में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान राणा बलचौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर मोटरसाइकिल पर आए थे और राणा से सेल्फी लेने के बहाने रुके। जैसे ही वह उनके पास पहुंचे, आरोपियों ने बेहद करीब से गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए।
डॉनी बॉल गैंग से जुड़े शूटर
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात में शामिल दोनों शूटर अमृतसर के रहने वाले आदित्य कपूर उर्फ मक्खन और करण पाठक थे। पुलिस के अनुसार, ये दोनों डॉनी बॉल गैंग से जुड़े हुए थे। इस हत्याकांड में कुल तीन लोग सीधे तौर पर शामिल थे, जिनमें से अधिकतर की पहचान अब सामने आ चुकी है।
एक शूटर का एनकाउंटर
इस केस से जुड़े एक अहम घटनाक्रम में पुलिस ने हाल ही में एक संदिग्ध शूटर का एनकाउंटर भी किया था। मोहाली के लालरू इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें शूटर हरपिंदर उर्फ मिद्दू घायल हो गया। वह तरनतारन के नौशेरा पन्नुआं गांव का रहने वाला था।
इलाज के दौरान मौत
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद हरपिंदर को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस एनकाउंटर को भी पुलिस ने केस की अहम कड़ी बताया है।
जांच जारी, एक आरोपी अब भी फरार
SSP हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि अभी एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान और भी अहम खुलासे होंगे और पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया जाएगा।
