पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। AGTF पंजाब ने हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स (करनाल यूनिट) के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया और बंबीहा गैंग के फरार गैंगस्टर लकी पटियाल के दो मुख्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान और प्रीतम शाह के रूप में हुई है।
सनसनीखेज हत्या में थे शामिल
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 18 मार्च 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में हुए चरणप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की सनसनीखेज हत्या में शामिल थे। यह मामला काफी चर्चित रहा और पुलिस इन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई
ऑपरेशन के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पहले भी गंभीर मामलों में शामिल
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि राजन उर्फ पीयूष पहलवान पहले से ही कई गंभीर मामलों में वांछित था। वह जीवनजोत सिंह उर्फ जुगनू के ड्राइवर यादविंदर सिंह की हाई-प्रोफाइल हत्या के मामले में भी शामिल रहा है।
हथियारों की बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 हथियार बरामद किए हैं, जिनमें PX .30 कैलिबर पिस्टल, .30 कैलिबर चीनी पिस्टल और .32 कैलिबर पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
पुलिस का सख्त संदेश
AGTF पंजाब ने पूरे मॉड्यूल का खुलासा करते हुए महज 30 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने और राज्य में शांति बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
