पंजाब सरकार की ₹10 लाख हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम को लेकर चंडीगढ़ के पत्रकारों ने अपनी अहम मांग सरकार के सामने रखी। प्रेस क्लब ऑफ पंजाब के प्रतिनिधियों ने हेल्थ मिनिस्टर डॉ. बलबीर सिंह और प्रिंसिपल सेक्रेटरी हेल्थ से मुलाकात कर इस मुद्दे पर मेमोरेंडम सौंपा। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में रहकर पंजाब को कवर करने वाले पत्रकार इस योजना से बाहर रह गए हैं।
नियमों की वजह से हो रही परेशानी
दरअसल, इस योजना का लाभ लेने के लिए पंजाब का आधार कार्ड या वोटर कार्ड होना जरूरी है। जबकि चंडीगढ़ में काम करने वाले कई पत्रकारों के पास चंडीगढ़ के दस्तावेज हैं। इसी कारण वे इस योजना का फायदा नहीं उठा पा रहे हैं।
पहले मिल रहा था लाभ
पत्रकारों ने बताया कि पहले आयुष्मान भारत योजना के तहत उन्हें ₹5 लाख तक का हेल्थ कवर मिलता था। लेकिन नई ₹10 लाख की स्कीम में उन्हें शामिल नहीं किया गया, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार ने दिया भरोसा
हेल्थ मिनिस्टर डॉ. बलबीर सिंह ने पत्रकारों की मांग को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार नियमों में बदलाव करने के लिए तैयार है, ताकि चंडीगढ़ में रहने वाले और पंजाब को कवर करने वाले पत्रकारों को भी इस योजना का लाभ मिल सके।
जल्द मिलेगा फायदा
हेल्थ मिनिस्टर ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसलिए इस मामले में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और जल्द ही पत्रकारों को भी ₹10 लाख हेल्थ इंश्योरेंस का लाभ मिलने लगेगा।
