पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर तेज गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक 18 मई से अगले छह दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हीट वेव यानी लू चलने की संभावना है। बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों में गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार
राज्य में तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार के मुकाबले तापमान में करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा गर्मी बठिंडा में रिकॉर्ड की गई, जहां तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इसके अलावा लुधियाना में तापमान 41.6 डिग्री और पटियाला में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई अन्य जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर बना हुआ है। दोपहर के समय सड़कों पर गर्म हवाओं का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
19 मई को इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों में लू का असर तेज रह सकता है।
इन इलाकों में दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को डिहाइड्रेशन और थकान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
20 मई को और बढ़ सकती है गर्मी
20 मई को गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई गई है। इस दिन पंजाब के कई और जिलों में हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब समेत कई इलाकों में गर्म हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
21 मई को भी जारी रह सकता है लू का असर
21 मई को भी पंजाब के कई हिस्सों में हीट वेव का असर बना रह सकता है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की राहत मिलने की संभावना भी जताई गई है।
फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों में गर्म हवाएं चलने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
