अमृतसर स्थित गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में ‘ब्राइट माइंड्स पंजाब’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले अमृतसर जिले के 332 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना था।
मनीष सिसोदिया और हरजोत बैंस रहे मौजूद
कार्यक्रम का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने किया। दोनों नेताओं ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और मेहनत, अनुशासन तथा निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।
शिक्षा को बताया विकास की सबसे बड़ी ताकत
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मेधावी विद्यार्थी पंजाब और देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। वहीं मनीष सिसोदिया ने कहा कि किसी भी राज्य और देश की प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को रटने के बजाय समझकर सीखने और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
