मुख्यमंत्री भगवंत मान ने धुरी और संगरूर के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए धुरी में नए रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। करीब 54 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से तैयार यह रेलवे ओवरब्रिज लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की प्रमुख मांग था। इस परियोजना के पूरा होने से वर्षों से चली आ रही यातायात की समस्या को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
25-30 वर्षों की मांग हुई पूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रेलवे ओवरब्रिज की मांग पिछले 25 से 30 वर्षों से की जा रही थी। रेलवे फाटक बंद होने के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही और व्यापार भी प्रभावित होता था। अब इस पुल के शुरू होने से लोगों का समय बचेगा और सफर पहले से अधिक आसान और सुरक्षित होगा।
पंजाब सरकार ने उठाया पूरा खर्च
भगवंत मान ने बताया कि शहर को दो हिस्सों में बंटने से बचाने और निचले रेलवे गेट को चालू रखने के उद्देश्य से पंजाब सरकार ने इस परियोजना का पूरा खर्च स्वयं वहन किया है। सरकार का प्रयास है कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की देरी न हो और लोगों को आधुनिक सुविधाएं समय पर मिलें।
विकास की नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के हर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी मिलकर पंजाब को और अधिक समृद्ध, आधुनिक और विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।
