ईरान की राजधानी तेहरान में शुक्रवार को पूर्व सुप्रीम लीडर Ali Khamenei के अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोग पहुंचे। उनका ताबूत ईरान के राष्ट्रीय ध्वज में लपेटा गया था और उसके ऊपर उनकी पहचान मानी जाने वाली काली पगड़ी रखी गई थी। पूरे राजकीय सम्मान के साथ ताबूत को समारोह स्थल तक लाया गया। उनके परिवार के अन्य सदस्यों के ताबूत भी साथ रखे गए, जिनमें उनकी 14 महीने की पोती का छोटा ताबूत भी शामिल था, जिसने मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
परिवार के कई सदस्य भी हमले में मारे गए
रिपोर्टों के अनुसार, खामेनेई की 14 महीने की पोती की मौत भी उसी हमले में हुई थी, जिसमें उनके परिवार के कई अन्य सदस्य मारे गए थे। अंतिम दर्शन के दौरान उनके छोटे ताबूत के पास उनकी तस्वीर भी रखी गई थी। बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे और पूरे समारोह के दौरान शोक का माहौल बना रहा।
ईरान और इराक के कई शहरों में होंगे कार्यक्रम
ईरानी अधिकारियों के अनुसार, खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम छह दिनों तक चलेंगे। तेहरान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद उनके पार्थिव शरीर को ईरान और इराक के प्रमुख शिया धार्मिक शहरों में ले जाया जाएगा, ताकि लोग अंतिम दर्शन कर सकें। कार्यक्रम के अंतिम चरण में उन्हें ईरान के मशहद शहर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
तेहरान में सुरक्षा के बीच जुटे समर्थक
शुक्रवार शाम से ही तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक एकत्र होने लगे थे। आम लोगों के लिए प्रवेश खुलते ही हजारों लोग परिसर में पहुंच गए। अंतिम संस्कार के दौरान कई लोगों के हाथों में लाल रंग के बैनर दिखाई दिए, जिन्हें बदले और प्रतिरोध का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान भीड़ ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारे भी लगाए। समारोह के लिए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
