पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने के लिए चल रहे ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का चौथा सीजन जल्द शुरू होने वाला है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2026 के खेल आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में खेल मुकाबलों से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई और सभी तैयारियां तय समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
QR Code से आसान होगी रजिस्ट्रेशन
इस बार खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को और आसान बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने QR Code जारी किया है, जिसे स्कैन करके कुछ ही समय में खेलों के लिए पंजीकरण किया जा सकता है। सरकार का फोकस ज्यादा से ज्यादा युवाओं को प्रतियोगिताओं से जोड़ने पर है।
पंजाब की युवा ताकत को खेल मैदानों से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब की युवा पीढ़ी को खेल मैदानों से जोड़ने और राज्य को खेलों में फिर से नंबर वन बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नई दिशा देने के साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाने का भी मजबूत माध्यम हैं।
विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार
‘खेडां वतन पंजाब दियां 2026’ में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कारों का भी प्रावधान किया गया है। इससे खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
CM मान की युवाओं से अपील
मुख्यमंत्री ने पंजाब के सभी युवाओं और खेल प्रेमियों से इन खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इच्छुक प्रतिभागी दिए गए QR Code को स्कैन कर जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
