1 सितंबर यानी मंगलवार का बॉक्स ऑफिस कई फिल्मों के लिए अलग-अलग तस्वीर लेकर आया। सबसे ज्यादा हैरान करने वाला प्रदर्शन 26 दिन पहले रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ का रहा। वहीं यश की ‘टॉक्सिक’ ने भी अपने पहले हफ्ते में कमाई की रफ्तार थोड़ी बढ़ाई। इसके अलावा ‘इरुमुडी’, ‘आवारापन 2’ और ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ की कमाई में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
‘टॉक्सिक’ की कमाई में हल्की तेजी
यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने मंगलवार को अपने रिलीज के सातवें दिन करीब 8.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ भारत में फिल्म की सात दिनों की कुल नेट कमाई करीब 229.95 करोड़ रुपये पहुंच गई है। फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन लगभग 272.80 करोड़ रुपये बताया गया है। शुरुआत में जोरदार कमाई करने वाली इस फिल्म की रफ्तार वीकडेज में धीमी हुई थी, लेकिन मंगलवार को इसमें मामूली सुधार दिखाई दिया।
‘इरुमुडी’ ने भी बनाए रखी पकड़
रवि तेजा की फिल्म ‘इरुमुडी’ दूसरे हफ्ते में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है। फिल्म ने अपने 12वें दिन करीब 5.90 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन लगभग 142.05 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कमाई करीब 165 करोड़ रुपये बताई गई है।
‘आवारापन 2’ की रफ्तार धीमी
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ अब तीसरे हफ्ते में पहुंच चुकी है। मंगलवार को फिल्म ने लगभग 50 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ 19 दिनों में भारत में इसकी नेट कमाई करीब 148.90 करोड़ रुपये हो गई है। फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 177.50 करोड़ रुपये बताया गया है।
‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने कमाए 65 लाख
सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने रिलीज के 19वें दिन करीब 65 लाख रुपये की कमाई की। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन लगभग 117.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। तीसरे हफ्ते में पहुंचने के बाद फिल्म की रोजाना कमाई में गिरावट देखी जा रही है।
सबसे बड़ा सरप्राइज ‘हनुमान अंश’
इन सभी फिल्मों के बीच ‘हनुमान अंश’ ने मंगलवार को सबसे ज्यादा चौंकाया। रिलीज के 26वें दिन भी फिल्म ने करीब 8 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 53.63 करोड़ रुपये हो गया है। खास बात यह है कि फिल्म को रिलीज हुए करीब चार हफ्ते हो चुके हैं, फिर भी इसकी कमाई में मजबूत पकड़ दिखाई दे रही है।
