पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान और पूर्व जस्टिस रंजीत सिंह के बीच विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। डॉ. गुरप्रीत कौर ने पूर्व जस्टिस रंजीत सिंह को कानूनी नोटिस भेजकर उन पर लगाए गए ₹5 करोड़ मांगने के आरोप पर जवाब मांगा है। रिपोर्टों के मुताबिक, नोटिस में आरोपों को गलत और निराधार बताते हुए 24 घंटे के भीतर माफी मांगने को कहा गया है।
क्या है पूरा मामला?
पूर्व जस्टिस रंजीत सिंह ने सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाया था कि डॉ. गुरप्रीत कौर ने एक मामले को दबाने के लिए कथित तौर पर ₹5 करोड़ की मांग की थी। इन आरोपों के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया। रंजीत सिंह कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा के जीजा हैं।
24 घंटे में जवाब और माफी की मांग
डॉ. गुरप्रीत कौर की ओर से भेजे गए नोटिस में आरोपों को लेकर जवाब देने और माफी मांगने की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार, ऐसा नहीं करने पर मानहानि की कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने की चेतावनी दी गई है। यानी अब यह विवाद बयानबाजी से निकलकर कानूनी प्रक्रिया की तरफ बढ़ता दिखाई दे रहा है।
AAP विधायक ने विपक्ष पर साधा निशाना
AAP विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने रंजीत सिंह के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि डॉ. गुरप्रीत कौर के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
