पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने युवाओं के करियर निर्माण पर और अधिक ध्यान देते हुए रविवार को बठिंडा की जिला पुस्तकालय में मिशन प्रगति के तहत नामांकित विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों से संवाद किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल पंजाब के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिसका उद्देश्य युवाओं को सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि आगे चलकर नौकरी देने वाला बनाना है।
ग्रामीण और मेधावी छात्रों के लिए मुफ्त कोचिंग
मुख्यमंत्री ने बताया कि मिशन प्रगति के तहत एसएसबी, पंजाब पुलिस, सशस्त्र बलों और अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे ग्रामीण और मेधावी विद्यार्थियों को पूरी तरह मुफ्त अकादमिक और शारीरिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों के होनहार बच्चे अच्छी और महंगी कोचिंग सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं, इसी कमी को दूर करने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया है।
पहले बैच में 40 विद्यार्थियों का चयन
सीएम मान ने जानकारी दी कि मिशन प्रगति के पहले बैच में 40 विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से भी मजबूत बनाया जा रहा है। यह शारीरिक प्रशिक्षण सी-पाइट मैदान में पंजाब पुलिस और सी-पाइट के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी भर्ती परीक्षाओं के हर स्तर पर खुद को सक्षम साबित कर सकें।
पढ़ाई का सारा सामान मुफ्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जरूरी किताबें और अध्ययन सामग्री काफी महंगी होती हैं, जो कई बार छात्रों की पहुंच से बाहर होती हैं। मिशन प्रगति के तहत विद्यार्थियों को जिला पुस्तकालय का सदस्य बनाया जाएगा और सभी आवश्यक पुस्तकें उन्हें मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि यह पूरा कार्यक्रम मौजूदा संसाधनों और ढांचे का उपयोग करके शुरू किया गया है, जिससे सरकारी खर्च भी कम हुआ है।
शिक्षक-मार्गदर्शक मॉडल की खासियत
सीएम मान ने बताया कि मिशन प्रगति एक शिक्षक-मार्गदर्शक मॉडल पर आधारित है। इसमें पढ़ाने वाले फैकल्टी सदस्य वही युवा हैं, जो खुद इन प्रतियोगी परीक्षाओं का अनुभव रखते हैं। इससे विद्यार्थियों को सही दिशा और व्यावहारिक मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अब एक सामूहिक और समुदाय आधारित अभियान बन चुका है, जिसे शिक्षाविदों, पुलिस, खिलाड़ियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के हर वर्ग का सहयोग मिल रहा है।
‘कोई भी पीछे न रहे’ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन प्रगति का मूल मंत्र है—“कोई भी पीछे न रहे।” यह पहल युवाओं को समान अवसर देने, उन्हें सशक्त बनाने और सरकारी सेवाओं में बठिंडा व पंजाब के युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के संकल्प को दर्शाती है।
युवाओं के सपनों के लिए रनवे तैयार कर रही सरकार
अपने संबोधन में सीएम मान ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे रनवे के बिना विमान उड़ान नहीं भर सकता, वैसे ही युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए सही माहौल जरूरी है। पंजाब सरकार वही माहौल तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि एक समय गलत नीतियों के कारण गरीब बच्चों को शिक्षा से दूर रखा गया, लेकिन अब सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर बच्चा अपने सपनों को हकीकत में बदल सके।
शिक्षा क्रांति की ओर पंजाब
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भरोसा जताया कि मिशन प्रगति जैसे कार्यक्रम न सिर्फ युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल बनाएंगे, बल्कि पंजाब को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में एक नई दिशा भी देंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब अब शिक्षा क्रांति के नए दौर में प्रवेश कर चुका है, जहां युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सफल बनाया जा रहा है।
