पंजाब पुलिस ने एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई के तहत अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) और राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर पाकिस्तान और कनाडा से जुड़े इस ड्रग सिंडिकेट को ध्वस्त किया है। इस अभियान के दौरान राजस्थान के बाड़मेर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से 60.302 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।
पाक-और कनाडा से चल रहा था रैकेट
इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का संचालन पाकिस्तान स्थित तस्कर तनवीर शाह और कनाडा में बैठे हैंडलर जोबन कालर द्वारा किया जा रहा था। ये गिरोह भारत के विभिन्न हिस्सों में अपने सहयोगियों के ज़रिए नशे की खेप पहुंचा रहा था। इन तस्करों का मकसद पंजाब समेत अन्य राज्यों को ड्रग्स के ज़रिए बर्बाद करना था।
नौ मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर से 9 अहम तस्करों और हवाला ऑपरेटरों को गिरफ्तार किया है। इनमें से कुछ आरोपी हवाला के ज़रिए ड्रग्स की कमाई को सफेद पैसे में बदलने का काम करते थे, जबकि कुछ तस्करी की सप्लाई चेन में अहम भूमिका निभा रहे थे।
सीमा के पास से हेरोइन की बरामदगी
BSF और राजस्थान पुलिस के सहयोग से यह ऑपरेशन सफल हुआ। बाड़मेर, राजस्थान में भारत-पाक सीमा के पास से जब यह हेरोइन बरामद की गई तो सुरक्षा एजेंसियों में भी हलचल मच गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह खेप पाकिस्तान से बाड़मेर सीमा के रास्ते भारत में पहुंचाई गई थी।
पंजाब पुलिस की सख्त चेतावनी
पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि वह नशा और नार्को-टेररिज्म के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि पंजाब को नशे से मुक्त करने के लिए हर स्तर पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि पंजाब पुलिस और सहयोगी एजेंसियाँ मिलकर देश को नशे के इस जहर से बचाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
