उत्तर भारत के मशहूर ड्रेस डिज़ाइनर जगत वर्मा के भाई संजय वर्मा की आज सुबह गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात शहीद भगत सिंह चौक के पास उस वक्त हुई जब संजय वर्मा अपने शोरूम से बाहर निकले।
अब इस मर्डर केस से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें वारदात की पूरी घटना कैद है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर पहले से ही रेहड़ी के पीछे छिपकर बैठे थे। जैसे ही संजय वर्मा शोरूम से बाहर आए, बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी जान ले ली।
मिली जानकारी के अनुसार, संजय वर्मा और जगत वर्मा दोनों भाई मिलकर “वीयर वेल” नामक ड्रेस शोरूम का संचालन कर रहे थे और संजय लगभग तीन दशकों से फैशन इंडस्ट्री से जुड़े हुए थे। उत्तर भारत में उन्हें एक जाना-पहचाना नाम माना जाता था।
इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पर एक अकाउंट “आरज़ू बिश्नोई” नाम से एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें लिखा गया है:
“वो हमारे दुश्मनों का साथ देता था, जो भी हमारे खिलाफ जाएगा, उसे हम खत्म कर देंगे।”
हालांकि इस सोशल मीडिया पोस्ट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से लेकर जांच में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिया है और हमलावरों की पहचान के लिए जांच तेज़ कर दी है।
इस सनसनीखेज हत्या से इलाके में डर और दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने घटना की कड़ी निंदा की है और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।
प्रशासन का कहना है कि जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
