देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बताई हैं। धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंपा, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया है। इस फैसले ने राजनीतिक हलकों में चर्चा को जन्म दे दिया है।
उपराष्ट्रपति का पद छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा का बयान सामने आया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए धनखड़ के स्वास्थ्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
राघव चड्ढा ने लिखा, “माननीय उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं क्योंकि वे चिकित्सा कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ रहे हैं।”
उन्होंने पोस्ट के साथ कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं, जो पिछले बुधवार की बताई जा रही हैं। इन तस्वीरों में राघव चड्ढा, उपराष्ट्रपति धनखड़ से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात करते नजर आ रहे हैं।
चड्ढा ने लिखा कि वे संभवतः आखिरी सांसद थे जो उपराष्ट्रपति के इस्तीफे से पहले सदन में उनसे संवाद कर पाए। उन्होंने लिखा, “जब वे अध्यक्ष के रूप में सदन की कार्यवाही का संचालन कर रहे थे, तब मैं आखिरी सांसद था जिसने सदन में उनसे संवाद किया।”
धनखड़ के इस्तीफे के बाद अब ये चर्चा तेज हो गई है कि अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा और कब तक यह पद खाली रहेगा।
जगदीप धनखड़ ने अगस्त 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था। इससे पहले वे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी रह चुके हैं। उनके इस्तीफे के बाद देश की राजनीति में एक नई हलचल देखी जा रही है।
