कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि भारत में चुनाव चोरी हो रहे हैं और इसमें खुद चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि यह कोई हल्का आरोप नहीं है बल्कि वह 100 फीसदी प्रमाणों के साथ यह बात कह रहे हैं।
“हमारे पास ओपन एंड शट केस के सबूत”
राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास ऐसे सबूत हैं जो यह साबित करते हैं कि चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए वोट चोरी करवा रहा है। उन्होंने कहा, “जैसे ही हम यह सबूत सार्वजनिक करेंगे, पूरा देश देखेगा कि कैसे चुनाव आयोग ने एक राजनीतिक दल के लिए काम किया है। यह एक ओपन एंड शट केस है, जिस पर कोई सवाल नहीं उठ सकता।”
मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक में अनियमितताओं का दावा
राहुल गांधी ने बताया कि उन्हें सबसे पहले मध्य प्रदेश और फिर महाराष्ट्र में चुनाव प्रक्रिया पर संदेह हुआ। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में एक करोड़ नए वोटर जोड़े गए थे, लेकिन वहां बड़े स्तर पर वोट चोरी हुई। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में कांग्रेस ने गहराई से रिसर्च की और “भयंकर चोरी” का खुलासा किया।
छह महीने की जांच, एटम बम जैसा सबूत
राहुल गांधी ने बताया कि उनकी पार्टी ने खुद से छह महीने तक एक गहन जांच करवाई और जो सबूत उनके हाथ लगे हैं, वे एटम बम के समान हैं। उन्होंने कहा, “ये जब सामने आएंगे तो चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो जाएगी।”
“हम छोड़ेंगे नहीं, ये देशद्रोह है”
नेता प्रतिपक्ष ने कड़े शब्दों में कहा कि चुनाव आयोग में जो भी व्यक्ति इस प्रक्रिया में शामिल है, चाहे वह किसी भी पद पर हो, रिटायर्ड हो या सक्रिय, कांग्रेस उसे नहीं छोड़ेगी। उन्होंने इसे राष्ट्रविरोधी कृत्य बताया और कहा कि यह सीधे-सीधे “राजद्रोह” है।
कर्नाटक में होगा बड़ा खुलासा
राहुल गांधी ने बताया कि उनकी पार्टी कर्नाटक में पूरे मामले का खुलासा करेगी और यह भी बताएगी कि वोट चोरी कैसे होती है, कौन करता है और किस प्रणाली के जरिए होती है। उन्होंने दावा किया कि उनकी टीम ने एक संसदीय क्षेत्र को चुना और वहां डीप रिसर्च कर पूरी प्रक्रिया को उजागर किया।
बिहार में वोटर लिस्ट में हेरफेर की आशंका
उन्होंने यह भी कहा कि अब चुनाव आयोग को समझ आ गया है कि कांग्रेस ने उनका गेम पकड़ लिया है। इसी कारण अब आयोग बिहार में पूरी वोटर लिस्ट प्रणाली को नए सिरे से करने की तैयारी कर रहा है। राहुल गांधी ने आशंका जताई कि पुराने वोटर डिलीट कर नए वोटर जोड़े जाएंगे और इसी प्रक्रिया से चुनाव प्रभावित होंगे।राहुल गांधी के इन आरोपों से भारतीय राजनीति में एक बार फिर चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर बहस तेज हो गई है। आने वाले दिनों में कांग्रेस द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सबूतों पर देशभर की निगाहें टिकी रहेंगी।
