पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए पूर्व अकाली नेता रणजीत सिंह गिल पर विजीलेंस छापेमारी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “जो जैसा करेगा, वैसा ही भरेगा।” सीएम मान ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार या गलत कार्य करने वालों को किसी भी राजनीतिक पनाह से राहत नहीं मिलेगी।
धमकी मामले पर बोले – सरकार सतर्क है
कांग्रेस के पूर्व उपमुख्यमंत्री के बेटे को मिली धमकियों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले पर पूरी नजर बनाए हुए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और राज्य में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दी जाएगी।
पिछली सरकारों पर बोला हमला – फंड बर्बाद, इमारतें बनीं खंडहर
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी योजना के सार्वजनिक फंड का दुरुपयोग किया। उनके कार्यकाल में बनाई गई इमारतें अब खंडहर बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार इन खंडहरों को पुनर्निर्मित कर ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ जैसे प्रोजेक्ट्स के माध्यम से शिक्षा क्रांति की दिशा में काम कर रही है।
नई लैंड पूलिंग नीति से होगा टिकाऊ विकास
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री मान ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही एक नई और प्रगतिशील लैंड पूलिंग नीति लागू की है, जिसका उद्देश्य योजनाबद्ध और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों समेत सभी संबंधित पक्षों से फीडबैक लिया जाएगा और उसकी रोशनी में ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुंडा तत्वों को संरक्षण देने का आरोप कांग्रेस पर
सीएम मान ने कांग्रेस नेताओं पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में कई कांग्रेस नेता गैंगस्टरों को संरक्षण देते रहे हैं। इसका खामियाजा अब उनके परिवारों को भुगतना पड़ रहा है, जब ये असामाजिक तत्व उन्हीं को धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उसी बीते दौर का परिणाम है और अब सभी को अपने कर्मों का हिसाब देना होगा।
कतलगढ़ साहिब गलियारे को लेकर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब के पीछे गलियारे के निर्माण को लेकर डिप्टी कमिश्नर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।
