भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लुधियाना में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने विशेष तौर पर शिरकत की। उन्होंने यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की।
अपने संबोधन में अमन अरोड़ा ने देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया और कहा कि उनकी कुर्बानियों की बदौलत ही हम आज आज़ाद हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से शहीद-ए-आज़म भगत सिंह और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अमूल्य योगदान का उल्लेख किया।
सरकारी दफ्तरों में लगी शहीदों और महापुरुषों की तस्वीरें
अमन अरोड़ा ने बताया कि पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य के सभी सरकारी दफ्तरों में भगत सिंह और बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीरें लगवाने का फैसला लिया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों और बलिदानों से प्रेरणा ले सकें।
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने पंजाब सरकार की हालिया उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए लगातार काम कर रही है और जनता को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अमन अरोड़ा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल जश्न का दिन नहीं, बल्कि यह दिन हमें देश और राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देता है।
