हुसैनपुर में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार ने हर जिले में 3.5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। यह कदम न केवल गुरु साहिब के आदर्शों को स्मरण करने का माध्यम है बल्कि पंजाब को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल भी है।
मंत्री ने कहा कि पौधारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। आज वनों की घटती संख्या, जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण जैसी समस्याओं से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय बड़े पैमाने पर पेड़ लगाना ही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और लगाए गए पौधों की देखभाल को अपनी जिम्मेदारी समझें।
मोहिंदर भगत ने बताया कि पंजाब सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। पेड़ लगाने से जहां हवा और पानी शुद्ध होगा, वहीं आने वाली पीढ़ियों को बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि हर लगाया गया पौधा भविष्य के लिए एक “ऑक्सीजन बैंक” है।
इस मौके पर उन्होंने जिला प्रशासन और स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी पेड़ लगाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि अगर हर नागरिक साल में सिर्फ एक पौधा लगाए और उसे बड़ा करे तो पंजाब हरियाली और स्वच्छता में मिसाल कायम कर सकता है।
