एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस बार सबसे बड़ा बदलाव शुबमन गिल की टी-20 टीम में वापसी है। चयनकर्ताओं ने उन्हें उप-कप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी है। हालांकि, इस टीम में युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और अनुभवी श्रेयस अय्यर को जगह नहीं मिली।
अश्विन ने जताई नाराजगी
टीम से इन दोनों खिलाड़ियों का नाम बाहर होने के बाद पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन नाराज नजर आए। अपने यूट्यूब चैनल “ऐश की बात” में अश्विन ने कहा कि चयन हमेशा एक मुश्किल प्रक्रिया होती है, लेकिन खिलाड़ियों को भरोसे में लेना जरूरी है। उन्होंने कहा, “उम्मीद है किसी ने जायसवाल और अय्यर से बात की होगी, क्योंकि उनके चेहरे पर निराशा साफ दिखाई देती है।”
जायसवाल के लिए बोले अश्विन
अश्विन ने कहा कि जब आपके पास जायसवाल तीसरे ओपनर के रूप में मौजूद हैं, तो उन्हें टीम से बाहर करना सही नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं शुबमन गिल के टीम में आने से खुश हूं, लेकिन जायसवाल और अय्यर के लिए दुखी भी हूं। दोनों ने हाल में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन किस्मत उनके साथ नहीं रही।”
श्रेयस अय्यर पर उठाए सवाल
अश्विन ने अय्यर की तारीफ करते हुए कहा कि उनका रिकॉर्ड किसी से कम नहीं है। वह टीम से बाहर थे, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत को खिताब दिलाया। अश्विन ने कहा, “अगर तर्क यह है कि गिल फॉर्म में हैं, तो अय्यर भी बेहतरीन लय में हैं। उन्होंने आईपीएल में अपनी कमजोरी को दूर कर रबाडा और बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाए।”
आईपीएल और चैंपियंस ट्रॉफी में दिखाया दम
श्रेयस अय्यर का हालिया प्रदर्शन उनकी काबिलियत को साबित करता है। आईपीएल 2025 में उन्होंने पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया। इस दौरान उन्होंने 17 मैचों में 50.33 की औसत से 604 रन बनाए। इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी वह भारत की जीत में अहम खिलाड़ी रहे, जहां उन्होंने सबसे ज्यादा 243 रन बनाए थे।
अश्विन ने कहा- “क्या कसूर है अय्यर का”
अश्विन ने सवाल उठाया कि आखिर अय्यर को क्यों नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा, “अय्यर ने आईपीएल में टीम को फाइनल तक पहुंचाया, पंजाब को 2014 के बाद पहली बार खिताबी मुकाबले तक ले गए। उन्होंने शॉर्ट बॉल की कमजोरी पर काम किया और अब आसानी से रन बना रहे हैं। फिर भी उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया।”
चयन पर छिड़ी बहस
अश्विन की यह टिप्पणी क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ गई है। सोशल मीडिया पर भी कई फैन्स चयन समिति के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं। जहां गिल की वापसी का स्वागत किया जा रहा है, वहीं जायसवाल और अय्यर के बाहर होने को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
