लोकप्रिय टीवी और मराठी सीरियल्स में अपनी एक्टिंग से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री प्रिया मराठे अब हमारे बीच नहीं रहीं। 38 साल की उम्र में उन्होंने रविवार, 31 अगस्त 2025 को मुंबई के मीरा रोड स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वो लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। उनके निधन से टीवी और मराठी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
‘पवित्र रिश्ता’ से मिली पहचान
प्रिया मराठे को टीवी दर्शकों ने सबसे ज्यादा एकता कपूर के मशहूर धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ में देखा था। उन्होंने शो में अंकिता लोखंडे की बहन वर्षा का किरदार निभाया था और इस रोल से वो घर-घर में पहचानी जाने लगीं। इसके अलावा उन्होंने ‘बड़े अच्छे लगते हैं’, ‘साथ निभाना साथिया’, और मराठी सीरियल्स ‘चार दिवस सासुचे’, ‘तू तिथे मी’, ‘स्वराज्यरक्षक संभाजी’ और ‘या सुखन्नो या’ में भी शानदार काम किया।
कम उम्र में करियर की शुरुआत
प्रिया का जन्म 23 अप्रैल 1987 को ठाणे, मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपनी पढ़ाई मुंबई से पूरी की और साल 2006 में मराठी धारावाहिक ‘या सुखानो या’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने हिंदी टीवी में भी अपनी जगह बनाई और ‘कसम से’ में विद्या बाली का किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान खींचा।
एक्ट्रेस ही नहीं, कॉमेडियन भी रहीं
कम ही लोग जानते हैं कि प्रिया मराठे सिर्फ टीवी एक्ट्रेस ही नहीं बल्कि एक टैलेंटेड स्टैंड-अप कॉमेडियन भी थीं। वो ‘कॉमेडी सर्कस’ के पहले सीजन में नजर आई थीं और अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसाया था।
फैंस सोशल मीडिया पर कर रहे याद
प्रिया मराठे के अचानक निधन ने फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके निभाए किरदारों को याद कर भावुक हो रहे हैं। खासकर ‘पवित्र रिश्ता’ के फैंस के लिए उनका यूं चले जाना किसी धक्के से कम नहीं।
