देश के ऑटो सेक्टर के लिए अगस्त का महीना निराशाजनक रहा। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और हुंडई जैसी दिग्गज कंपनियों की बिक्री में गिरावट दर्ज हुई। वहीं दोपहिया सेगमेंट में कुछ कंपनियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। बिक्री में आई यह सुस्ती मुख्य रूप से जीएसटी सुधारों के ऐलान के बाद ग्राहकों के इंतजार की वजह से देखने को मिल रही है।
ग्राहकों का इंतजार बना कंपनियों की मुश्किल
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) ने पहले ही सरकार को चेताया था कि यदि जीएसटी स्लैब में बदलाव का ऐलान टल गया तो त्योहारों की बिक्री प्रभावित हो सकती है। अब वही होता दिख रहा है। संभावित खरीदारों ने गाड़ियों की खरीद को रोक रखा है और नई कीमतों के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं।
पीएम मोदी का ऐलान और उम्मीदें
स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली से पहले जीएसटी स्लैब सुधार लागू करने की घोषणा की थी। चर्चा है कि कारों पर टैक्स दरें घटाकर दो स्लैब में लाई जा सकती हैं। छोटी कारों पर जीएसटी 28% से घटाकर 18% किए जाने की संभावना है। इससे कीमतों में 7-8% तक कमी आ सकती है। यही वजह है कि ग्राहक अभी खरीदारी को टाल रहे हैं।
अगस्त में पैसेंजर वाहनों की कुल बिक्री
इंडस्ट्री डेटा के मुताबिक अगस्त 2025 में पैसेंजर व्हीकल बिक्री साल-दर-साल 7.3% घटकर 3,30,000 यूनिट रही। पिछले साल इसी महीने 3,56,000 यूनिट बिकी थीं। यह लगातार चौथा महीना है जब बिक्री गिरी है।
मारुति सुजुकी: एसयूवी सेगमेंट में बड़ी गिरावट
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति ने अगस्त में 1,80,683 यूनिट बेचीं, जो पिछले साल से कम है।
-
मिनी कार सेगमेंट (ऑल्टो, एस-प्रेसो): 6,853 यूनिट, जबकि पिछले साल 10,648 यूनिट।
-
कॉम्पैक्ट कार (बलेनो, डिजायर, स्विफ्ट): 59,597 यूनिट, मामूली बढ़ोतरी।
-
SUV सेगमेंट (ग्रैंड विटारा, ब्रेज़ा): 14% गिरकर 54,043 यूनिट।
हुंडई और महिंद्रा की बिक्री भी फिसली
हुंडई की अगस्त बिक्री 4.23% घटकर 60,501 यूनिट रही। घरेलू बिक्री 44,001 यूनिट रही, जबकि पिछले साल 49,525 यूनिट थी।
महिंद्रा की एसयूवी बिक्री भी 9% घटकर 39,399 यूनिट पर पहुंची। हालांकि कंपनी के कुल वाहन (कमर्शियल समेत) 75,901 यूनिट रहे।
टाटा मोटर्स: घरेलू बाजार में 7% की गिरावट
टाटा मोटर्स ने अगस्त में 43,315 यूनिट पैसेंजर कारें बेचीं। यह पिछले साल से 3% कम है। घरेलू बिक्री 41,001 यूनिट रही, जिसमें 7% की गिरावट है। हालांकि कंपनी के एक्सपोर्ट्स में 573% की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज हुई।
टू-व्हीलर्स ने दिखाई मजबूती
जहां चारपहिया बिक्री कमजोर रही, वहीं दोपहिया कंपनियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
-
बजाज ऑटो: 12% गिरकर 1,84,109 यूनिट।
-
टीवीएस: 28% बढ़कर 3,68,862 यूनिट।
-
रॉयल एनफील्ड: 57% की छलांग लगाकर 1,02,876 यूनिट।
-
सुजुकी: 5% बढ़कर 91,629 यूनिट।
-
हीरो मोटोकॉर्प: 8% की ग्रोथ के साथ 5,53,727 यूनिट।
जीएसटी सुधार तय करेंगे त्योहारी बिक्री का भविष्य
ऑटो इंडस्ट्री में साफ है कि इस समय सबसे ज्यादा असर पैसेंजर कारों की बिक्री पर पड़ा है। ग्राहकों की नजर सरकार के दिवाली गिफ्ट यानी नए जीएसटी स्लैब पर है। अगर टैक्स में कटौती होती है तो छोटी और मिड-साइज कारों की कीमतें घटेंगी, जिससे बिक्री को जोरदार बढ़ावा मिल सकता है। दूसरी ओर, टू-व्हीलर बाजार ने अगस्त में उम्मीदें जगाई हैं और त्योहारों में इसके और मजबूत होने की संभावना है।
