पंजाब में आज मौसम ने करवट बदल ली है। सुबह से ही कई जिलों में बारिश हो रही है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग की ताज़ा भविष्यवाणी के अनुसार, तरणतारन, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट जिलों में आज मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
अगले तीन दिनों तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि सिर्फ आज ही नहीं बल्कि 8, 9 और 10 सितंबर को भी पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है। लगातार हो रही बरसात से तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
विभाग ने दी एहतियात बरतने की सलाह
बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि जरूरी कामों के अलावा बाहर न निकलें और बरसात के दौरान सावधानी बरतें। खासकर गाड़ी चलाते समय फिसलन और पानी भरने वाले इलाकों से बचने की सलाह दी गई है।
यातायात और जलभराव की समस्या
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। वहीं, निचले इलाकों में पानी भरने की भी संभावना है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
पिछले हफ्तों में भारी नुकसान
गौरतलब है कि पिछले कुछ हफ्तों से पंजाब में बारिश ने भारी तबाही मचाई है। खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो गई हैं, कई सड़कों और पुलों को नुकसान पहुंचा है। यहां तक कि कई गरीब परिवारों के मकानों की छतें भी गिर गईं। इन हालात में पंजाब सरकार लगातार राहत कार्य चला रही है और प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
