पंजाब वासियों के लिए अहम खबर सामने आई है। भाखड़ा डैम से आज फिर से पानी छोड़ा जा सकता है। इस संबंध में जानकारी राज्य के मंत्री हरजोत बैंस ने दी। उन्होंने बताया कि अगले तीन से चार घंटों में डैम से लगभग 5 हजार क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रशासन को पहले ही अलर्ट कर दिया गया है।
मौसम विभाग ने दी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 12, 13 और 14 सितंबर को कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने विशेषकर उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसी कारण बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड) ने डैम से पानी छोड़ने का फैसला लिया है, ताकि जलस्तर नियंत्रित रहे और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
डैम का जलस्तर खतरे से ठीक नीचे
मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि भले ही पिछले दिनों डैम में पानी का स्तर थोड़ा घटा था, लेकिन आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए एहतियाती कदम उठाना जरूरी है। इस समय भाखड़ा डैम का जलस्तर 1677 फीट पर है, जो खतरे के निशान से मात्र 3 फीट नीचे है। यही वजह है कि पानी का स्तर और न बढ़े, इसके लिए पहले से पानी छोड़ा जा रहा है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने डैम से पानी छोड़े जाने के मद्देनज़र लोगों से दराजों और नालों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि अचानक बढ़े जलस्तर से दुर्घटना की आशंका हो सकती है। इसलिए स्थानीय निवासियों को सचेत रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
पहले भी छोड़ा गया था पानी
यह पहली बार नहीं है जब डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बीबीएमबी समय-समय पर पानी का डिस्चार्ज करती रहती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अभी पानी छोड़ा नहीं गया, तो अगले दिनों में लगातार बारिश से डैम का स्तर खतरनाक स्थिति तक पहुंच सकता है।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
इस पूरी स्थिति पर जिला प्रशासन और जल विभाग की टीमें लगातार नज़र बनाए हुए हैं। स्थानीय निकायों को अलर्ट पर रखा गया है और ज़रूरत पड़ने पर राहत व बचाव कार्य तुरंत शुरू करने की तैयारी की गई है।
