मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवांदा की तबीयत में अब तक कोई खास सुधार नहीं हुआ है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हुए 10 दिन से ज्यादा का समय हो चुका है।
राजवीर इस समय वेंटिलेटर पर लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं और डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति को स्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।
डॉक्टर कर रहे लगातार प्रयास
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि राजवीर जवांदा को लगातार दवाइयां दी जा रही हैं ताकि उनके दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर सामान्य रहे। हालांकि, अब तक उनके शरीर में कोई खास हलचल के संकेत नहीं मिले हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि उनके दिमाग में ऑक्सीजन की कमी के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। मेडिकल टीम उनकी देखभाल में चौबीसों घंटे लगी हुई है।
परिवार और प्रशंसक कर रहे दुआएं
राजवीर जवांदा के लाखों फैंस और संगीत जगत से जुड़े कलाकार उनकी जल्द सेहत में सुधार की कामना कर रहे हैं।
रविवार को मोहाली के गुरुद्वारा श्री अंब साहिब में उनके लिए अखंड पाठ और अरदास का आयोजन किया गया।
यह धार्मिक प्रार्थना उनके परिवार, विशेषकर उनकी मां और साथी कलाकारों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
गुरुद्वारे में सैकड़ों लोग पहुंचे और राजवीर की जल्दी ठीक होने के लिए अरदास की।
अस्पताल ने मेडिकल बुलेटिन जारी करना किया बंद
जानकारी के अनुसार, राजवीर को भर्ती करने के बाद 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक अस्पताल की ओर से रोजाना मेडिकल बुलेटिन जारी किया जा रहा था।
लेकिन 3 अक्टूबर के बाद अस्पताल प्रशासन ने यह प्रक्रिया रोक दी है।
अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि गायक की हालत में कोई नया बदलाव नहीं है, इसलिए फिलहाल नया बुलेटिन जारी नहीं किया जाएगा।
फैंस सोशल मीडिया पर कर रहे प्रार्थनाएं
राजवीर जवांदा के फैंस सोशल मीडिया पर लगातार उनके लिए दुआएं कर रहे हैं।
कई कलाकारों ने भी पोस्ट कर लिखा — “सतगुरु राजवीर भरा को जल्दी ठीक करे।”
पूरा पंजाब इस वक्त अपने चहेते गायक की सेहत को लेकर चिंतित है और उम्मीद कर रहा है कि वे जल्द फिर से मंच पर लौटेंगे।
