पंजाब सरकार ने राज्य की ग्रामीण सड़कों को दुरुस्त और बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज पूरे राज्य में चल रहे लिंक सड़कों की विशेष मरम्मत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार ने पंजाब की सड़कों को मजबूती देने के उद्देश्य से 10,778 किलोमीटर सड़कों की स्पेशल रिपेयर शुरू की है।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ये मरम्मत कार्य वर्ष 2022-23, 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए तय की गई सड़कों से संबंधित हैं। इन सड़कों की पहचान पहले ही कर ली गई है ताकि प्राथमिकता के आधार पर काम पूरे किए जा सकें।
इस विशेष परियोजना के तहत 81 मार्केट कमेटियों के अधीन आने वाली सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इन सड़कों के लिए पंजाब मंडी बोर्ड से जरूरी प्रशासनिक मंजूरियां ली जा चुकी हैं। इसके बाद पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया के जरिए कामों को ठेकेदारों को सौंप दिया गया है।
लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ਓ. ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरम्मत कार्यों की गति तेज की जाए और हर प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट समय पर भेजी जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान की सरकार लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आवागमन आसान और सुरक्षित हो सके।
मंत्री ने यह भी बताया कि सभी कार्यों की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। विभाग की विजिलेंस कमेटी द्वारा हाल ही में नाभा मार्केट कमेटी क्षेत्र में लगभग 2.5 किलोमीटर सड़क का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां मिलीं जिन्हें वहीं पर सुधारने का निर्देश दिया गया।
हरभजन सिंह ई.टी.ਓ. ने अधिकारियों की सतर्कता और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसी नियमित जांचें जारी रहेंगी ताकि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो।
सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले महीनों में राज्य की अधिकांश ग्रामीण सड़कें नई और मजबूत बन जाएं, जिससे गांवों से शहरों तक संपर्क और व्यापार दोनों को बढ़ावा मिल सके।
