कपूरथला पुलिस ने अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सुल्तानपुर लोधी इलाके में सक्रिय जगा फुकीवाल गैंग के एक अहम सदस्य अमनदीप उर्फ अमन को गिरफ्तार किया है। वह ताशपुर, कपूरथला का रहने वाला है और लंबे समय से स्थानीय गैंगों को हथियार सप्लाई करने में शामिल था। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल चार देसी पिस्तौल बरामद की हैं।
कुल बरामदगी: 9 देसी पिस्तौल
पुलिस जांच के दौरान अमनदीप ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी लवप्रीत उर्फ बाबा को दो पिस्तौल दिए थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लवप्रीत को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में एक .32 बोर देसी पिस्तौल, एक .315 बोर देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस मिले।
पूछताछ में अमनदीप ने बताया कि उसके घर पर कुछ हथियार जमीन में दबाकर छिपाए गए हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली और तीन और देसी पिस्तौल बरामद कीं। इस तरह कुल मिलाकर अब तक नौ देसी पिस्तौल पुलिस के हाथ लगे हैं।
FIR दर्ज, नेटवर्क को तोड़ने के लिए जांच जारी
इस मामले में थाना सदर कपूरथला में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस पूरे अवैध हथियार नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि हथियार सप्लाई करने वाली पूरी चेन का खुलासा हो सके। पुलिस का मुख्य लक्ष्य है कि इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म कर दिया जाए।
पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि वह संगठित अपराध और अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयाँ साबित करती हैं कि पंजाब पुलिस राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
