श्री फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा के दौरान संगत की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने अहम कदम उठाए हैं। हेल्थ मंत्री बलबीर सिंह ने यहां बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस और फ्री ई-रिक्शा सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का मकसद शहीदी सभा में आने वाली लाखों संगत को तुरंत और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
24×7 इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी उपलब्ध
हेल्थ मंत्री ने बताया कि शहीदी सभा के दौरान 24 घंटे इमरजेंसी हेल्थ सर्विस, एम्बुलेंस सुविधा और आम आदमी क्लिनिक पूरी तरह सक्रिय रहेंगे। किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में संगत को तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल टीमों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। फ्री ई-रिक्शा सेवा के जरिए बुजुर्गों, बच्चों और बीमार श्रद्धालुओं को आने-जाने में भी मदद मिलेगी।
ब्लड और ऑर्गन डोनेशन कैंप का आयोजन
संगत को इंसानियत की सेवा से जोड़ने के लिए 25 और 26 दिसंबर को ब्लड डोनेशन और ऑर्गन डोनेशन कैंप भी लगाए जा रहे हैं। हेल्थ मंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कैंपों में भाग लें और जरूरतमंदों की मदद करें।
लगातार हो रहा इंतज़ामों का रिव्यू
शहीदी सभा के दौरान हेल्थ मंत्री खुद मौके पर मौजूद रहकर हेल्थ सुविधाओं और इमरजेंसी सेवाओं का लगातार जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगत की सेहत सरकार की पहली प्राथमिकता है और किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। पंजाब सरकार की यह पहल सेवा, सुरक्षा और मानवता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
