संवाददाता, लखनऊ: 20 जनवरी 2026
पिछले चार–पांच दिनों से राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश में मौसम में लगातार उतार–चढ़ाव देखा जा रहा है। रविवार रात बूंदाबांदी हुई, जबकि दिन में धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार, लगातार दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 से 24 जनवरी के बीच लखनऊ समेत पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में हल्की बारिश (Rain In UP) की संभावना है। हालांकि मंगलवार और बुधवार को मौसम साफ रहेगा और धूप निकलने के आसार हैं।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि छिटपुट बारिश के बावजूद तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। शीतलहर और कोहरे का प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है। लखनऊ में दो दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं अधिकतम तापमान में भी लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी से बारिश का दौर शुरू होकर चार–पांच दिन तक जारी रह सकता है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड से राहत बनी रहने का पूर्वानुमान है।
