पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार दोपहर 12 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास, चंडीगढ़ में होगी। हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें कुछ बड़े फैसले हो सकते हैं।
विधानसभा का विशेष सत्र भी होगा आयोजित
गौरतलब है कि हाल ही में आई बाढ़ की स्थिति पर चर्चा के लिए पंजाब सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। यह सत्र 26 से 29 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान राज्य सरकार “जिसका खेत, उसकी रेत” नामक नया एक्ट लाने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा, कई और अहम मुद्दों पर भी चर्चा और फैसले होने की संभावना है। ऐसे में विधानसभा सत्र से पहले बुलाई गई कैबिनेट बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्वास्थ्य बीमा योजना का ऐलान
इसी बीच, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज स्वास्थ्य बीमा योजना के पंजीकरण की शुरुआत करने की घोषणा भी की। इस योजना के तहत हर नागरिक को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड मिलेगा, जिसके जरिए 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज संभव होगा।
शुरुआत में यह योजना दो जिलों – तरनतारन और बर्नाला – में लागू की जा रही है। यहां कल से 128 स्थानों पर पंजीकरण कैंप लगाए जाएंगे। सरकार का कहना है कि धीरे-धीरे इस योजना को पूरे पंजाब में लागू किया जाएगा ताकि हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
लोगों में बढ़ी उम्मीदें
कैबिनेट की बैठक और विधानसभा सत्र से पहले सरकार की इस सक्रियता से लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य बीमा योजना आम जनता के लिए राहत लेकर आई है, वहीं कैबिनेट बैठक से किसानों और आम लोगों से जुड़े अन्य फैसलों की भी उम्मीद की जा रही है।
